Lucknow लखनऊ। समाजवादी पार्टी की ‘समानता भाईचारा रैली’ को लेकर सियासत तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।
मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति “बांटो और राज करो” की नीति पर आधारित रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सपा की सरकार थी, तब प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और आम जनता के साथ-साथ उद्योगपतियों को भी राज्य छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव का एजेंडा कभी विकास का नहीं रहा। उन्होंने सपा के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे को भी फर्जी करार देते हुए कहा कि सपा वास्तव में पिछड़ों और दलितों की हितैषी नहीं है।
उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में अंधविश्वास के चलते नोएडा नहीं जाते थे, लेकिन अब वहीं बड़े-बड़े विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने सपा की रैली को “फ्लॉप शो” बताते हुए कहा कि जनता अब विकास और सुशासन के साथ है। मौर्य ने भरोसा जताया कि प्रदेश की जनता आगामी चुनावों में भी विकास के एजेंडे को ही प्राथमिकता देगी।
Tags: