Kaushambi: दो भाइयों ने फ्लैट दिलाने के नाम पर 1.86 करोड़ की ठगी की
पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की
कौशांबी: दिल्ली के परवाना रोड स्थित राधेश्याम पार्क निवासी अविनाश कुमार से मनोज कुमार और अनुज कुमार नाम के सगे भाइयों ने फ्लैट दिलाने के नाम पर 1.86 करोड़ रुपये ठग लिए। फ्लैट वैशाली सेक्टर तीन के प्लॉट नंबर 212 पर बना है। अक्तूबर 2024 से नवंबर 2024 के बीच छह बार में आरोपी प्रॉपर्टी डीलर भाइयों ने रकम ली। रकम लेने के बाद न तो रजिस्ट्री कराई गई और न ही रकम वापस की जा रही है। पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि अविनाश कुमार की शिकायत पर एंटी फ्रॉड सेल की टीम ने जांच की थी। पीड़ित का आरोप था कि एक मंजिला फ्लैट का सौदा तय होने के बाद छह अक्तूबर 2024 को उन्होंने 93 लाख रुपये बयाना बतौर प्रॉपर्टी डीलर को दिए थे। इसके बाद 21 अक्तूबर को 32 लाख रुपये, 13 नवंबर को 37 लाख रुपये, 26 नवंबर को नौ लाख रुपये और अंतिम भुगतान 15 लाख रुपये का 30 नवंबर को किया।
आरोप है कि उसके बाद से आरोपी टालमटोल करते रहे। तीन महीने से न तो उन्होंने रजिस्ट्री कराई और न ही उनकी रकम वापस की। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि एंटी फ्रॉड सेल की जांच के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए पीड़ित पक्ष से भुगतान संबंधी दस्तावेज भी लिए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।