Kasganj: फिरोजपुर में चाय बनाते समय एलपीजी सिलेंडर में लगी आग
"बचाव प्रयास में झुलसा गृहस्वामी"
ढोलना: कासगंज जिले के ढोलना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर में सोमवार सुबह चाय बनाते समय एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई। गृहस्वामी चंद्रपाल ने साहस दिखाते हुए जलते सिलेंडर को घर के बाहर निकाल दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित रहे। हालांकि, इस बचाव प्रयास में चंद्रपाल झुलस गया।
ग्राम फिरोजपुर निवासी चंद्रपाल की पत्नी सुबह घर में चाय बना रही थी, तभी अचानक सिलेंडर के रेगुलेटर में आग लग गई। आग देखते ही परिवार के लोग घबराकर बाहर भागे। सिलेंडर के पास रखे कुछ कपड़े भी आग की चपेट में आ गए।
गृहस्वामी ने दिखाई हिम्मत
चंद्रपाल ने स्थिति संभालते हुए जलते सिलेंडर को तुरंत घर से बाहर फेंक दिया और घर के अंदर लगी आग को बुझाया। इस दौरान वह खुद झुलस गया। चीख-पुकार सुनकर गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और गीला बोरा डालकर सिलेंडर में लगी आग बुझाने में मदद की। आग बुझने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
हाल ही में लिया था नया सिलेंडर
चंद्रपाल ने बताया कि यह सिलेंडर उन्होंने सिर्फ नौ दिन पहले ही लिया था। झुलसने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।