Kanpur: सीवर टैंक में उतरे तीन मजदूर,दम घुटने से मौत

Update: 2025-08-31 03:30 GMT
Kanpur कानपुर: कानपुर देहात के अकबरपुर कस्बे के कन्हैया नगर में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सीवर टैंक की शटरिंग खोलने के लिए एक-एक करके तीन मजदूर उतरे। काफी देर तक तीनों बाहर नहीं आए तो चौथा मजदूर नीचे उतरा और बेहोश हो गया। इस पर आसपास मौजूद मजदूरों ने पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों को रेस्क्यू कर टैंक से बाहर निकाला। मेडिकल कॉलेज ले जाने पर डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। जबकि एक को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया।
भवनपुर रसूलाबाद निवासी रामनारायण अकबरपुर के कन्हैया नगर वार्ड-16 में मकान का निर्माण करा रहे हैं। अकबरपुर के नेहरू नगर निवासी सुरेंद्र गुप्ता के पुत्र अमन गुप्ता (22) ने अपने मकान में शटरिंग लगा रखी है। यहां कई मजदूर काम कर रहे थे। शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बाहरी हिस्से में बने दस फीट गहरे सीवर टैंक के अंदर शटरिंग खोलने के लिए सबसे पहले बिगाही अकबरपुर निवासी रफीक का पुत्र मुबीन (26) उतरा। काफी देर बाद जब वह बाहर नहीं आया तो बिगाही निवासी सर्वेश (30) पुत्र रावेंद्र नीचे उतरा। दोनों के बाहर न आने पर शटरिंग ठेकेदार अमन गुप्ता देखने नीचे आया। अंदर ऑक्सीजन की कमी और गैस बनने से तीनों बेहोश हो गए।
कुछ देर बाद मुबीन का भाई इसरार भी आवाज लगाते हुए नीचे आया। जब चारों बाहर नहीं आए तो वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने अकबरपुर थाने को सूचना दी। कुछ देर बाद अकबरपुर थाना प्रभारी सतीश सिंह फायर ब्रिगेड की टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने अपनी टीम के साथ सबसे पहले इसरार को बाहर निकाला। इसके बाद एक-एक कर अन्य तीनों को बाहर निकाला। सभी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. जयवर्धन ने सर्वेश, अमन, मुबीन को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी अरविंद मिश्र, सीएमओ डॉ. एके सिंह, एएसपी राजेश पांडेय, एसडीएम अकबरपुर नीलिमा यादव, सीओ संजय सिंह पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली। अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
Tags:    

Similar News