Kanpur कानपुर: पनकी कूड़ा निस्तारण प्लांट के पास रविवार दोपहर एक तेल टैंकर का ढक्कन खुल गया। इससे काफी मात्रा में कच्चा तेल सड़क पर फैल गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो गए। पुलिस ने कुछ देर के लिए यातायात रोककर तेल पर राख डलवाई। इसके बाद वाहन चालक गुजरने लगे। कानपुर से रनिया जाते समय पनकी कूड़ा निस्तारण प्लांट से पहले सरसों के तेल से भरे टैंकर का ढक्कन गैस बनने से खुल गया।
इससे काफी मात्रा में तेल सड़क पर फैल गया। प्रत्यक्षदर्शी अब्दुल्ला और आकाश ने बताया कि तेल की वजह से करीब दस दोपहिया वाहन सवार फिसलकर चोटिल हो गए। पनकी निवासी एक व्यक्ति की बाइक फिसलकर पीछे से दूसरे टैंकर से टकरा गई। गनीमत रही कि उसे कुछ नहीं हुआ। नौबस्ता निवासी राज अपनी पत्नी नीतू और छह वर्षीय बेटी शिवांगी के साथ बाइक से सचेंडी जा रहे थे। बाइक फिसलने से वह गिर गए और उन्हें मामूली चोटें आईं।
पनकी निवासी शलभ सक्सेना भी घायल हो गए। स्कूटी चला रहे रावतपुर निवासी दीपक सिंह भी गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस ने सड़क पर बैरिकेडिंग कर फैले तेल पर राख छिड़की। इस बीच चालक तेल का टैंकर छोड़कर भाग गया। पनकी इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि टैंकर से तेल गिरने से यातायात बाधित हो रहा था, उसे मौके से हटवा दिया गया है।