Kanpur: शॉर्ट सर्किट से कार गैराज में लगी भीषण आग, 12 से ज्यादा गाड़ियां जलकर खाक
Kanpur कानपुर: बिधनू थाना क्षेत्र के ओरियारा गांव में शुक्रवार दोपहर शार्ट सर्किट से कार गैराज में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख गैराज में काम कर रहे लोग जान बचाने के लिए सड़क पर भागे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से गैराज में खड़ी एक दर्जन से अधिक गाड़ियां जलकर राख हो गईं। करही निवासी छोटू का ओरियारा गांव के पास गैराज है।
शुक्रवार दोपहर मैकेनिक गैराज में सीएनजी कार की मरम्मत कर रहे थे। इसी बीच शार्ट सर्किट से कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से सबमर्सिबल पंप चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया और कई सीएनजी गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। कुछ ही देर में पूरा गैराज धू-धू कर जलने लगा।
सूचना मिलने के आधे घंटे बाद पहुंची घाटमपुर फायर स्टेशन की दो दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बिधनू इंस्पेक्टर जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गैराज में बिजली का कनेक्शन नहीं था। आशंका है कि वाहन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक जांच में पता चला है कि गैराज बिना अग्निशमन यंत्र के चल रहा था। सीएनजी वाहनों में मरम्मत के दौरान आग लगने की आशंका रहती है।