Kanpur: घाटमपुर में तेनापुर मोड़ के पास ओवरटेक कर रही पिकअप सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। पिकअप के पीछे चल रही कार पिकअप से टकराकर हाईवे किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से पतारा सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर तीनों को कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने पीएनसी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
कानपुर के हंसपुरम निवासी 50 वर्षीय जयनारायण अपनी पत्नी गीता गुप्ता के साथ घाटमपुर से कानपुर लौट रहे थे। जैसे ही वे घाटमपुर थाना क्षेत्र में तेनापुर मोड़ के पास पहुंचे तो आगे तेज गति से आ रही डीसीएम ने ओवरटेक करना शुरू कर दिया, जिसके पीछे वे थे। तभी पिकअप और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। जब तक वे ब्रेक लगाते, कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार गीता गुप्ता की मौत हो गई। वहीं, किशनगढ़ निवासी ट्रॉली क्लीनर 32 वर्षीय प्रधान पुत्र कन्हारव घायल हो गए।
श्याम नगर चकेरी निवासी 40 वर्षीय पवन बाजपेई पुत्र गणेश शंकर, डीसीएम चालक विलासपुर निवासी 35 वर्षीय राजेंद्र पुत्र गंगा राम घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से पतारा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार देकर घायलों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया। हादसे में ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: