Kanpur कानपुर: फजलगंज थाना क्षेत्र के रिहायशी इलाके गुमटी में 30 साल से बंद पड़ी जय हिंद टॉकीज में रविवार शाम आग लग गई। आग की ऊंची लपटें देख दुकानदार अपना सामान बचाने में जुट गए। सूचना मिलने पर कर्नलगंज और फजलगंज फायर स्टेशन से पहुंची चार दमकल गाड़ियों की मदद से कर्मचारियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया।
टॉकीज के बाहर मौजूद दुकानदारों ने दुकानें खाली कराने के लिए जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे जय हिंद टॉकीज से लपटें और धुआं उठने लगा। यह देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार अपना सामान बाहर निकालने लगे।
घनी आबादी वाले गुमटी बाजार में आग की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने दो तरफ से पानी की बौछार शुरू की, एक टॉकीज के हॉल से और दूसरी तरफ से। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि टाकीज के अंदर मजदूर काम कर रहे थे। संभव है कि वेल्डिंग के दौरान आग लगी हो। जांच के बाद कारण स्पष्ट होगा। वहीं, बिठूर थाना क्षेत्र के गंगापुर नारामऊ में खेत व मंधना बिठूर रोड स्थित ट्रांसफार्मर में आग लग गई।