Kanpur : वैलेंटाइन डे पर प्रेमिका को साड़ी गिफ्ट करने निकला था युवक, टुकड़ों में मिली लाश

Update: 2026-02-16 02:17 GMT
Kanpur कानपुर: वैलेंटाइन डे के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना ने यूपी के कानपुर में हड़कंप मचा दिया। शादीशुदा प्रेमिका से मिलने और उसे साड़ी गिफ्ट करने के इरादे से घर से निकले 25 वर्षीय युवक आदर्श शर्मा का शव दबौली वेस्ट इलाके में खारजा नहर के पास गुजरने वाले रेलवे ट्रैक के किनारे टुकड़ों में बिखरा मिला।परिवार का दावा है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है और इसमें प्रेमिका के पति का हाथ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक आदर्श शर्मा, जरौली फेज-2 का निवासी था और ऑयल टैंकर क्लीनर के रूप में काम करता था। उसके परिवार में मां शशि देवी, बड़ी बहन संध्या, बहन सपना और छोटा भाई ऋषभ हैं। घटना के बाद मृतक के चाचा कमलेश और मामा महेंद्र कुमार ने बताया कि हाल ही में बहन सपना की शादी 7 फरवरी को औरैया के अनुज से हुई थी। 16 फरवरी को चौथी लेने का कार्यक्रम था, जिसके लिए आदर्श शनिवार दोपहर खरीदारी करने गया था और करीब 2:30 बजे घर लौटा। शाम करीब 5:30 बजे वह फिर घर से निकला। इस बार उसने मां की दवाई लाने का बहाना बनाया, लेकिन बड़ी बहन संध्या से खुलासा किया कि वह गुजैनी निवासी अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, आदर्श ने बहन से कहा, "दीदी, आज वैलेंटाइन डे है। मैं प्रेमिका को साड़ी देने जा रहा हूं। किसी को मत बताना, बस एक घंटे में वापस आ जाऊंगा।" बहन के अनुसार यह उसकी आखिरी बातचीत थी। जिसके बाद देर रात राहगीरों ने रेलवे ट्रैक के किनारे बिखरे शव के टुकड़ों की सूचना दी। मौके पर पहुंची गोविंद नगर पुलिस ने तलाशी ली तो आदर्श के दोस्त शिवम का आईडी कार्ड जेब में मिला, जिससे उसकी पहचान हुई। लेक़िन ऐसे में मृतक के मोबाइल फोन और पर्स गायब थे।
परिवार ने खुलासा किया कि आदर्श का इस युवती से करीब 2 साल पुराना प्रेम संबंध था, जो प्राइवेट फैक्ट्री में काम के दौरान शुरू हुआ। लेकिन 6 महीने पहले युवती की शादी हो गई थी। इसके बावजूद संबंध जारी रहे। चाचा कमलेश ने बताया कि कुछ समय पहले भी आदर्श प्रेमिका से मिलने गया था, जहां उसका प्रेमिका के पति से झगड़ा हो गया था। परिवार का सीधा आरोप है कि प्रेमिका के पति ने ही आदर्श की हत्या की और शव को ट्रैक पर फेंककर हादसे का रूप दिया।घटना के बाद इस मामले में गोविंद नगर थाने के इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस प्रेमिका, उसके पति व अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
Tags:    

Similar News