अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO जितेंद्र मिश्र ने नई जिम्मेदारी संभाल ली है। अयोध्या पहुंचे जितेंद्र मिश्र से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात की और राम मंदिर आने वाले प्रत्येक रामभक्त की सुविधा और सम्मान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि देश-विदेश से आने वाले हर श्रद्धालु को बेहतर अनुभव मिले और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पहली बार बना है राम मंदिर का CEO पद
राम मंदिर ट्रस्ट ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पहली बार CEO पद बनाया है। इस पद पर रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र की नियुक्ति की गई है। वह भारतीय वायुसेना में करीब चार दशक तक सेवाएं दे चुके हैं और कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। CEO के रूप में जितेंद्र मिश्र के जिम्मे मंदिर प्रशासन, संचालन व्यवस्था, कर्मचारियों का प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य होंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर रहेगा फोकस
जितेंद्र मिश्र ने पद संभालने के बाद मंदिर की मौजूदा व्यवस्थाओं को समझना शुरू कर दिया है। उन्होंने ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मंदिर परिसर, सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पहले पूरी व्यवस्था को समझा जाएगा और उसके बाद आगे की योजना तैयार की जाएगी। उनका लक्ष्य टीम के साथ मिलकर बेहतर प्रबंधन व्यवस्था तैयार करना है।
धार्मिक परंपराओं के साथ आधुनिक प्रबंधन
राम मंदिर ट्रस्ट की नई व्यवस्था में धार्मिक परंपराओं और आधुनिक प्रशासनिक प्रणाली के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया जा रहा है। ट्रस्ट की ओर से बताया गया है कि नीतिगत फैसले ट्रस्ट लेगा, जबकि उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी CEO की होगी। जितेंद्र मिश्र के सैन्य अनुभव को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि मंदिर प्रबंधन में अनुशासन और व्यवस्थित कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा।
अयोध्या में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या बड़ी चुनौती
राम मंदिर के उद्घाटन के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ी है। ऐसे में दर्शन व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाए रखना ट्रस्ट के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। नई प्रशासनिक व्यवस्था के तहत कोशिश है कि श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
Tags: