Jhansi: उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे ने इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मचा दी। जानकारी के अनुसार, रक्सा-पुनावली मार्ग पर कोटखेरा गांव के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हो गई है।ट्रैक्टर चालक आकाश वाहन लेकर जा रहे थे। उसी दौरान सड़क पर अचानक एक कुत्ता आ गया।
चालक ने कुत्ते को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर पर चालक के साथ उनका साला भी मौजूद था।ट्रैक्टर के पलटते ही तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। दोनों युवक ट्रैक्टर के नीचे फंस गए थे, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। सौभाग्य रहा कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई। ग्रामीणों ने इसे बड़ी अनहोनी टलना और चमत्कार जैसा बताया।