जौनपुर: सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। सफाई का काम कर रही महिला मजदूरों को तेज रफ्तार इनोवा कार ने टक्कर मार दी, जिससे दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

डिवाइडर तोड़कर महिलाओं को रौंदा

सिंगरामऊ के मिश्रौली गांव के पास लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर डिवाइडर की सफाई का कार्य चल रहा था। बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे, वाराणसी की ओर से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए सफाई कर रही महिला मजदूरों को टक्कर मारती चली गई। इसके बाद कार दूसरे डिवाइडर से टकराकर फंस गई। हादसे के बाद कार में सवार लोग तुरंत मौके से फरार हो गए।

दो महिलाओं की मौत, एक की हालत नाजुक

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को सीएचसी बदलापुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 40 वर्षीय जड़ावती देवी (पत्नी: जेठू राम निषाद, निवासी: तुरकौली, थाना: आसपुर देवसरा) और 42 वर्षीय शारदा देवी (पत्नी: श्याम बहादुर, निवासी: तमरसेपुर, थाना: चांदा) की मौत हो गई।

वहीं, राम अवध की पत्नी रीता निषाद (निवासी: अतरौरा मीरपुर) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज सीएचसी बदलापुर में जारी है।

परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कर रही जांच

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इनोवा कार को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार कार सवारों की तलाश की जा रही है।

Tags: