जौनपुर: जौनपुर के खुटहन थाना क्षेत्र के गभिरन गांव में रविवार को एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे के हुक से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान ऋतू विश्वकर्मा (22 वर्ष), पुत्री गोपीचंद के रूप में हुई है। वह स्थानीय इंटर कॉलेज की छात्रा थी और कुछ महीने पहले अपने माता-पिता के साथ मुंबई गई थी। इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए वह अकेले गांव लौटी थी।

पड़ोसियों के मुताबिक, शनिवार रात ऋतू रोज की तरह अपने घर का दरवाजा बंद कर सोने चली गई। लेकिन रविवार दोपहर तक जब दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को शक हुआ। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने रोशनदान से झांककर देखा। अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए—ऋतू का शव फंदे से झूल रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। थानाध्यक्ष मुन्ना राम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।

Tags: