जौनपुर: खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट के पास रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब तीन युवक बर्थडे पार्टी में शामिल होकर एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।

रात करीब 10:30 बजे, जब तीनों युवक पार्टी से लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को पीएचसी सोंधी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 28 वर्षीय संतोष (पुत्र ललसू, निवासी नौली) और 16 वर्षीय उज्ज्वल (पुत्र रतिलाल, निवासी नौली) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, 14 वर्षीय अनुराग (पुत्र राजेंद्र, निवासी नौली) की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे लापरवाही से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे वाहन हादसों को न्योता देते हैं और प्रशासन को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

Tags: