Lucknow.लखनऊ: योगी आदित्यनाथ सरकार ने सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के परिजनों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने निर्णय लिया है कि सेवाकाल के दौरान 60 वर्ष की आयु पूरी करने से पहले मरने वाले शिक्षक के परिवार को मृत्यु अनुदान दिया जाएगा। सरकार के इस कदम से न केवल मृतक शिक्षकों के परिजनों को आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि यह राज्य सरकार की मानवीय और सहयोगात्मक सोच का भी परिचायक है।

इस निर्णय से उन शिक्षकों के परिवारों को भी लाभ मिलेगा, जिन्होंने सेवा विस्तार यानी सेवानिवृत्ति आयु में वृद्धि का विकल्प चुना था, लेकिन विकल्प बदलने की निर्धारित समय सीमा से पहले उनकी मृत्यु हो गई। अभी तक ऐसी स्थिति में कोई सहायता नहीं दी जाती थी। शिक्षक संगठन लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने सोमवार को यह आदेश जारी किया। आदेश में बताया गया है कि किन परिस्थितियों में मृतक शिक्षकों के परिजनों को यह लाभ मिलेगा। कई पुराने शासनादेशों और निदेशक स्तर से भेजे गए प्रस्तावों की गहन जांच के बाद यह निर्णय लिया गया है।


Tags: