पति ने पत्नी की हत्या कर शव कमरे में बंद कर फरार हुआ

Update: 2022-09-19 19:00 GMT

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। अकबरपुर कोतवाली इलाके के रनियां पड़ाव स्थित एक मकान में पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद पति शव कमरे में बंदकर फरार हो गया। रविवार सुबह बदबू उठने पर पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा। कमरे में महिला का शव पड़ा मिला। महिला के गले में दुपट्टा कसा हुआ था। छानबीन के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर पति की तलाश शुरू की है।

जानकारी के अनुसार, रनियां के पड़ाव स्थित आनंद कुमार सिंह का मकान है। मकान की दूसरी मंजिल पर आनंद अपने परिवार के साथ रहते है। जबकि नीचे की मंजिल पर बने कमरों में पांच किराएदार रहते हैं। इनमें से एक कमरे में सांवरिया लाल पत्नी रेणुका के साथ किराए पर रहता था।

फैक्ट्री में काम करती थी महिला

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि, सांवरिया ट्रक चलाता है। रेणुका फैक्ट्री में काम करती थी। 16 सितंबर से घर में ताला लगा था। तीसरे दिन सुबह घर से बदबू आने पर पड़ोस के कमरों में रहने वाले लोगों ने मकान मालिक और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पहुंची चौकी पुलिस ने ताला तुड़वाया। कमरे के अंदर महिला का शव पड़ा था। जानकारी मिलते ही एसपी सुनीति, एएसपी घनश्याम चौरसिया, सीओ प्रभात कुमार और अकबरपुर कोतवाल फील्ड यूनिट के साथ पहुंचे।

तीन महीने पहले किराये पर लिया था कमरा

छानबीन में पुलिस को कमरे में रेणुका पत्नी सांवरिया लाल के नाम का आधार कार्ड मिला। महिला का गला दुपट्टे से कसा था। एएसपी ने बताया कि, महिला अकबरपुर के पास बाढ़ापुर की बताई गई है। उसका पता कराया जा रहा है। फरार पति की भी तलाश कराई जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं। मकान मालिक आनंद ने पुलिस ने बताया कि करीब तीन महीने पहले एक युवक और महिला ने खुद को पति-पत्नी बताकर कमरा किराए पर लिया था। युवती रनियां की एक दोना-पत्तल फैक्ट्री में नौकरी करती थी। युवक ट्रक चलता है। पड़ोसियों ने 15 सितंबर को दोनों को एक साथ देखा था। 16 सितंबर की सुबह से कमरे पर ताला लटका था। पुलिस का कहना है कि, पति की तलाश की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।

Tags:    

Similar News