ग्रेटर नोएडा: बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है। उद्घाटन समारोह को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
उद्घाटन समारोह में करीब 7000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी के लिए 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रतिबंध भी लागू किए गए हैं। सुबह 7 बजे से 11 बजे तक नोएडा एक्सप्रेस-वे और यमुना एक्सप्रेस-वे पर मालवाहक वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी। इससे वीआईपी मूवमेंट और आम जनता की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा न आए।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री का आगमन सुबह 11:30 बजे से 12:00 बजे के बीच प्रस्तावित है। उनके स्वागत और कार्यक्रम स्थल तक पहुंच के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है।
एयरपोर्ट के संचालन की बात करें तो पहले चरण में यहां से देश के 12 प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी। इनमें मुंबई, बेंगलूरु, चेन्नई, कोलकाता के साथ-साथ लखनऊ और कानपुर जैसे शहर शामिल हैं। आगे चलकर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे 47 शहरों तक विस्तारित करने की योजना है।
बताया जा रहा है कि अप्रैल के मध्य से कमर्शियल फ्लाइट्स की बुकिंग शुरू हो सकती है, जिससे आम यात्रियों को जल्द ही इस एयरपोर्ट का लाभ मिलने लगेगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र को बड़ी कनेक्टिविटी और आर्थिक बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।