गोरखपुर: गोरखपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात डिफेंस सिक्योरिटी कॉर्प्स (DSC) के एक जवान ने गुरुवार तड़के ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब 4 बजे की है। बिहार के छपरा जिले के अंकोल गांव निवासी 49 वर्षीय जितेन्द्र सिंह एयरपोर्ट पर ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उन्होंने अचानक अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद अन्य जवान और अधिकारी तुरंत वहां पहुंचे।

मेडिकल टीम को मौके पर बुलाया गया, लेकिन तब तक जितेन्द्र सिंह की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि जितेन्द्र सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद डीएससी के माध्यम से एयरपोर्ट की सुरक्षा में कार्यरत थे।

फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मानसिक या पारिवारिक तनाव की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags: