Gorakhpur गोरखपुर : मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गुरुवार तड़के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजे नाथपंथ की परंपरा के अनुसार महायोगी गुरु गोरखनाथ को श्रद्धा की पवित्र खिचड़ी अर्पित की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और लोकमंगल की कामना की। खिचड़ी अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों, संतों और श्रद्धालुओं को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सीएम योगी ने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर गोरखपुर में लाखों श्रद्धालु गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर पंक्तिबद्ध होकर खिचड़ी चढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान गोरखनाथ के चरणों में खिचड़ी अर्पित करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी आस्था और विश्वास का प्रतीक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मकर संक्रांति भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है। सूर्यदेव को जगत की आत्मा माना गया है और यह पर्व सूर्य उपासना का प्रतीक है। मकर संक्रांति के बाद सनातन परंपरा में सभी शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
Tags: