Gorakhpur गोरखपुर : शुक्रवार देर रात 12:20 बजे रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के तारामंडल इलाके में स्थित GST-सेल्स टैक्स ऑफिस में भीषण आग लग गई। पहली मंजिल से घना धुआं और तेज लपटें निकलने लगीं, जिसने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में GST-सेल्स टैक्स ऑफिस आग में पूरी तरह जलकर खाक हो गया। अंदर रखे दस्तावेज, कंप्यूटर और अन्य उपकरण भी नष्ट हो गए। पूरी बिल्डिंग आग की लपटों में घिर गई थी। फायर स्टेशन को आग लगने की सूचना रात 12:20 बजे मिली। दमकलकर्मियों ने 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने का संदेह है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ।
आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और तुरंत फायर ब्रिगेड और रामगढ़ताल थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने भी इलाके को सुरक्षित किया और ट्रैफिक को नियंत्रित किया। दमकलकर्मियों ने करीब 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक ऑफिस में रखा फर्नीचर, कंप्यूटर, फाइलें, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान पूरी तरह से नष्ट हो चुके थे। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
गोरखपुर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि फायर स्टेशन को कल रात 12:20 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दो फायर टेंडर भेजे गए। पहुंचने पर पता चला कि गोरखपुर के तारामंडल में GST जोनल ऑफिस की पूरी दूसरी मंज़िल आग की लपटों में घिरी हुई थी। ज़िले से कुल 12 फायर टेंडर, जिनमें पानी के टैंकर भी शामिल थे, मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग में सभी रिकॉर्ड, अलमारियां, फॉल्स सीलिंग, कंप्यूटर और सभी दस्तावेज़ जलकर खाक हो गए। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है। शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है। घटना के समय ऑफिस बंद था, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ। यह अच्छी बात थी कि देर रात होने की वजह से ऑफिस में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।