उत्तर प्रदेश : राजधानी लखनऊ से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अर्जुनगंज क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही आठ वर्षीय बच्ची पर एक आवारा गाय ने अचानक हमला कर दिया। गाय ने बच्ची को पहले सींग से उठाकर दीवार की ओर पटक दिया और फिर करीब एक मिनट तक लगातार अपने खुरों से रौंदती रही। इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग स्तब्ध हैं और इलाके में आवारा पशुओं के बढ़ते खतरे को लेकर चिंता जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अर्जुनगंज के सरसवां गांव निवासी सिनोद कुमार राजमिस्त्री का काम करते हैं। उनके परिवार में पत्नी नेहा और दो बेटियां सुनैना (8 वर्ष) और साधना (6 वर्ष) हैं। शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे सुनैना अपने घर के बाहर पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रही थी। कुछ देर बाद अन्य बच्चे अपने-अपने घर लौट गए और सुनैना भी घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक आवारा गाय वहां पहुंची और बिना किसी उकसावे के बच्ची पर हमला कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि गाय ने पहले बच्ची को अपने सींगों से दीवार की ओर जोर से धक्का दिया। बच्ची संभल भी नहीं पाई थी कि गाय ने उसे सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद गाय लगातार बच्ची के ऊपर चढ़कर अपने चारों पैरों से उसे रौंदती रही। यह भयावह हमला करीब एक मिनट तक चलता रहा। इस दौरान बच्ची दर्द से चीखती रही, लेकिन गाय लगातार उस पर हमला करती रही।
घटना के समय आसपास तीन अन्य बड़ी गाय और दो बछड़े भी मौजूद थे, लेकिन हमला केवल एक गाय ने ही किया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाली एक महिला तुरंत मौके पर पहुंची। उसने साहस दिखाते हुए पास में खड़ी एक बच्चे की साइकिल उठाकर गाय की ओर फेंकी, ताकि बच्ची को बचाया जा सके। हालांकि, इससे गाय और अधिक आक्रामक हो गई और उसने महिला को ही दौड़ाना शुरू कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग लाठी, डंडे और ईंट लेकर मौके पर पहुंचे।
लोगों ने किसी तरह गाय को भगाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान गाय ने बच्ची को बचाने आए मजदूर मोहम्मद वसीम पर भी हमला कर दिया। गाय के सींग लगने से वह भी घायल हो गए। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह गाय को वहां से भगाया और गंभीर रूप से घायल सुनैना को खून से लथपथ हालत में उठाकर उसके घर पहुंचाया।
बेटी की हालत देखकर उसकी मां नेहा बदहवास हो गईं। उन्होंने तुरंत अपने पति सिनोद कुमार को सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग बच्ची को पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची का इलाज जारी है और उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
शनिवार को घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में गाय का हमला, बच्ची की चीखें और लोगों की अफरा-तफरी साफ दिखाई और सुनाई दे रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अर्जुनगंज और आसपास के क्षेत्रों में आवारा गायों का झुंड अक्सर सड़कों और गलियों में घूमता रहता है। कई बार ये पशु राहगीरों और बच्चों पर हमला भी कर चुके हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से आवारा पशुओं को पकड़ने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इस तरह की और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं, जबकि अस्पताल में घायल बच्ची का उपचार जारी है। यह घटना एक बार फिर शहरों में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।