Ghaziabad: धार्मिक आश्रम बना शर्मनाक वारदात, युवती से रेप का मामला सामने आया
"संचालिका के भाई गोकुल ने उसके साथ रेप किया"
गाजियाबाद: थाना कौशांबी क्षेत्र स्थित एक आश्रम में 29 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आश्रम में उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया गया और फिर संचालिका के भाई गोकुल ने उसके साथ रेप किया। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आश्रम संचालिका दिव्या योग माया सरस्वती, उनकी सहयोगी राधिका और शबनम को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मुख्य आरोपी गोकुल फरार है। पुलिस ने पूरे आश्रम को खाली करवा दिया है और आशंका जताई जा रही है कि अन्य महिलाओं के साथ भी शोषण हुआ हो सकता है।
पीड़िता को दिया गया था साध्वी बनने का लालच
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अनाथ है और उसका कोई परिवार नहीं है। सितंबर 2024 में वह कौशांबी क्षेत्र के गुरुकुल शांति धाम आश्रम में रहने आई थी। उसे साध्वी बनाने का लालच देकर आश्रम में रखा गया। कुछ दिन बाद उसे संचालिका और सहयोगियों ने कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश होने लगी। पीड़िता ने कहा कि वह शारीरिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दे पा रही थी, लेकिन उसे होश था कि गोकुल उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है।
होश आने पर न्यूड वीडियो दिखाकर दी गई धमकी
पीड़िता के अनुसार जब उसे होश आया, तो उसे एक न्यूड वीडियो दिखाया गया और धमकी दी गई कि अगर उसने कुछ कहा तो यह वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। इसके बाद पीड़िता ने साहस जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
तीन महिलाएं गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
पुलिस ने इस मामले में दिव्या योग माया सरस्वती (आश्रम संचालिका), राधिका और शबनम को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी गोकुल की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, आश्रम में पहले कई महिलाएं रहती थीं, इसलिए यह भी जांच की जा रही है कि कहीं अन्य महिलाओं का भी शोषण तो नहीं हुआ है।
पुलिस का बयान
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि “मामले को गंभीरता से लिया गया है। आश्रम पूरी तरह खाली कराया जा चुका है और पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अन्य महिलाओं से भी पूछताछ की जाएगी ताकि सच्चाई सामने आ सके।”