Fatehpur :गैस सिलेंडर विस्फोट से तीन मंजिला मकान में भीषण आग, पांच गंभीर
Fatehpur फतेहपुर: जिले के ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे में सोमवार शाम करीब 3 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन मंजिला मकान में गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना जोरदार था कि लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। आग तेजी से बढ़ती गई और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।जानकारी के मुताबिक, यह हादसा डॉ. जमील अहमद कुरैशी के घर पर हुआ। घर के अंदर यूनानी और होम्योपैथिक दवाइयों का काम होता था और थोक व्यापार के लिए दवाइयां और तेल तैयार किए जा रहे थे। मौके से एक फटा हुआ गैस सिलेंडर और दो कमर्शियल सिलेंडर भी बरामद किए गए हैं। आग करीब दो घंटे तक जलती रही, जिससे घर को काफी नुकसान हुआ है।
इस दर्दनाक हादसे में डॉ. जमील अहमद कुरैशी (65), उनके बेटे अकील अहमद (28), उज़ैफ़ा (13), मन्नान कुरैशी का बेटा अबू सहमा (15) और बुशरा नाम की एक महिला गंभीर रूप से झुलस गए। आस-पास के लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। प्रशासन अभी पूरी घटना की जांच कर रहा है। सिलेंडर फटने का कारण और घर के अंदर किस तरह की गतिविधियां हो रही थीं, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद कस्बे में दहशत का माहौल है।