बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फर्जी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया है। बता दें आरोपी वर्दी पहन लोगों पर रौब गालिब कर रहा था, इसी बीच उसे असली पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी के पास से फैंटम लिखी बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन में शुक्रवार की शाम एक युवक पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब गालिब कर रहा था। इसी बीच पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विशाल कुमार (27) पुत्र नरेश सिंह बताया है। पुलिस का कहना है कि वह हलदौर थाना क्षेत्र के गांव गौसपुर का रहने वाला है। उसने अपना फर्जी पहचान पत्र खुद ही तैयार कर लिया और वर्दी पहन लोगों पर रौब गालिब करता था। उसने बाइक पर फैंटम लिख रखा था और पुलिस का स्टीकर भी लगा रखा था।