Etawah Accident: बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक के आगे चल रही बाइक कट से टकरा गई और दूसरी बाइक डंपर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दादा-पोते की मौत हो गई जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया गया। बुधवार रात भरथना के ढकपुरा निवासी सुरेंद्र शाक्य (55) अपने बेटे प्रवेश शाक्य (24) और पोते रिहांस (3) के साथ बाइक से बकेवर के संतोषपुर गांव स्थित अपनी ससुराल से लौट रहे थे।
रास्ते में भरथना-बिधूना मार्ग पर सती मंदिर के पास बाइक के आगे चल रही बाइक ओवरटेक करने के प्रयास में कट से टकरा गई। ऐसे में सुरेंद्र की बाइक अनियंत्रित होकर पास से गुजर रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र और रिहांस को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रवेश को गंभीर हालत में मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया गया।