Deoria Accident: दो बाइक सवारों की टक्कर, 2 युवकों की दर्दनाक मौत, 1 घायल

Update: 2025-09-10 05:13 GMT
Deoria Accident: देवरिया जिले के मिश्रौली गांव के पास मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 11 बजे कंचनपुर-गोरयाघाट मार्ग पर हुआ। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गोरयाघाट गांव निवासी राजू गोंड (24) और अंकित गोंड (25) किसी काम से घर लौट रहे थे। उसी समय बरियारपुर थाना क्षेत्र के बेलवनिया उपाध्याय गांव निवासी राजन प्रसाद (26) दूसरी दिशा से तेज गति से आ रहा था। मिश्रौली गांव के पास एक मंदिर के सामने दोनों बाइकों की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू गोंड और राजन प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अंकित गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। रामपुर कारखाना थाना प्रभारी अभिषेक कुमार राय ने बताया कि दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जाँच कर रही है। इस घटना के बाद दोनों गाँवों में मातम का माहौल है।
Tags:    

Similar News