अयोध्या: अयोध्या के रामकथा पार्क में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण का राज्याभिषेक हुआ. सीएम योगी ने माला पहनाई, जबकि उपराष्ट्रपति ने तिलक किया. हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई. इसके बाद राम, सीता और लक्ष्मण रथ पर सवार हुए. सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम ने रथ खींचा.
अयोध्या में आज दीपोत्सव मनाया जा रहा है. दीपोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. भगवान सूर्य के अस्त होते ही राम की नगरी में सरयू के किनारे बने 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये रोशन हो जाएंगे. राम की पैड़ी, सरयू घाट, रामकथा घाट समेत अयोध्या का कोना-कोना भगवान राम के विजय और स्वागत उत्सव की रोशनी से जगमगाएगा.
दीपोत्सव के लिए पिछले कई दिनों से घाटों पर दीये बिछाने का काम चल रहा था. अब दीयों में तेल और रुई की बाती भी डाल दी गई है. स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता पूरी व्यवस्था संभाल रहे हैं. कोई दीयों में तेल डाल रहा है तो कोई बाती ठीक कर रहा है.
राम की पैड़ी पर भी बड़ी संख्या में दीये बिछाए गए हैं. यहां स्वयंसेवक दीयों में तेल और रुई की बाती डालने का काम कर रहे हैं. शाम करीब 5:30 बजे से दीप प्रज्वलन शुरू होगा.
अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. आयोजन क्षेत्र को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटा गया है. सुरक्षा व्यवस्था में 20 एडीएल एसपी, 45 सीओ समेत करीब 6 हजार पुलिसकर्मियों को लगाया गया है. सुरक्षा के लिए पीएसी की 9 कंपनियां और आरएएफ की 3 कंपनियां तैनात की गई हैं. इसके अलावा यूपी एटीएस की दो कमांडो टीमें भी कार्यक्रम की सुरक्षा में लगाई गई हैं.