फर्रुखाबाद। कादरी गेट थाना क्षेत्र में मंगलवार को व्यापारी का शव मिलने से सनसनी दौड़ गई। आढ़ती कल शाम से गायब था। उसका शव तालाब के पास मिलने से मौके पर भीड़ जमा हो गई। व्यापारी पवन के भतीजे आकाश ने पुलिस को बताया कि पवन बाइक से कल शाम को निकले थे। इसके बाद वह घर नही गए। वह कचहरी रोड फतेहगढ़ के रहने वाले थे। उनकी मंडी समिति सातनपुर में आढ़त की दुकान है जो एक साल से बन्द चल रही है। चाचा के घर न पहुंचने की सूचना रात में ही फतेहगढ पुलिस को दे दी गई थी। आज तालाब के किनारे नाले में उनका शव पड़ा मिला। सिर पर हेलमेट लगा हुआ था। बाइक का कोई पता नही है। घटना की सूचना पर कादरी गेट व फतेहगढ पुलिस मौके पर पहुंच गई है। फतेहगढ़ कोतवाल हरि श्याम सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
Tags: