CM योगी का सपा पर तीखा हमला, बोले, 'बबुआ 12 बजे उठते थे, शाम को महफिल सजती थी'
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी पर बिना नाम लिए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि "बबुआ 12 बजे सोकर उठते थे, दो बजे तैयार होते थे, शाम पांच बजे जिम जाते थे और सात बजे महफिल जम जाती थी। प्रदेश की जनता को समय न देने की वजह से जनता ने उन्हें दरकिनार कर दिया।" मुख्यमंत्री के इस बयान पर जनसभा में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं और जमकर नारेबाजी की।
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में नौकरियां निकलती थीं तो "चाचा-भतीजे की जोड़ी" सक्रिय हो जाती थी। युवाओं को रोजगार नहीं मिल पाता था और कई भर्तियों पर कोर्ट को रोक लगानी पड़ती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वन माफिया, भू-माफिया और कॉलेज माफिया का बोलबाला था, लेकिन भाजपा सरकार ने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में गोरखपुर, कानपुर और मथुरा की जितनी भूमिका है, उतनी ही इटावा और मैनपुरी की भी है। सरकार के लिए सभी 75 जिले समान हैं और हर क्षेत्र का संतुलित विकास प्राथमिकता है।
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने देश की चार प्रमुख जातियां गरीब, किसान, युवा और महिला बताई थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य इन चारों वर्गों का सशक्तिकरण करना है और हर हाथ को काम उपलब्ध कराना है। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं।
उन्होंने दावा किया कि पहले नौकरियां योग्यता के बजाय जाति और सिफारिश के आधार पर दी जाती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त है। अब युवाओं को बिना किसी भेदभाव के उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।