be careful संभल : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर जनपद संभल पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जिला मुख्यालय बहजोई क्षेत्र के आनंदपुर गांव में स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइन भवन के मैदान में आयोजित किया जाएगा।
प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभल जनपद को बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री लगभग 550 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में संभल और चंदौसी विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी 60 से अधिक योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, मंच निर्माण, पार्किंग, यातायात व्यवस्था और अन्य तैयारियों को लेकर अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों करीब 550 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से जिले के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का आगमन 18 जुलाई को दोपहर करीब तीन बजे प्रस्तावित है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित कई विभागों को प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इन प्रदर्शिनयों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।
पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिले के लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से संभल जिले में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।