लखनऊ, (एएनआई)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मकर संक्रांति और खिचड़ी पर्व की प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
शनिवार को जारी बधाई संदेश में सीएम योगी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में मकर संक्रांति का विशेष पर्व अलग-अलग रूपों में मनाया जाता है.
मुख्यमंत्री ने लोगों से कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी सावधानियां बरतते हुए मकर संक्रांति और खिचड़ी का पर्व मनाने की अपील की है.
सीएम ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "यह त्योहार हमारे देश की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।"
विदित हो कि मकर संक्रांति पूरे भारत में अलग-अलग रूपों में मनाई जाती है। इसे उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों में खिचड़ी उत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस दिन सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं और उत्तरायण हो जाते हैं। उत्तरायण को सकारात्मकता का प्रतीक माना गया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार मकर संक्रांति पर सूर्य का राशि परिवर्तन अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का प्रतीक है।
यह सर्वविदित है कि अधिक प्रकाश होने से प्राणियों की चेतना एवं कार्य शक्ति में वृद्धि होती है। इसलिए पूरे भारत में लोग इस अवसर पर विभिन्न रूपों में सूर्य देव की पूजा करते हैं।
बयान में कहा गया है कि मकर संक्रांति के अवसर पर पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान, पूजा और दान करने का विशेष महत्व है। (एएनआई)