Rajapakad, राजापाकड़/कुशीनगर : दुदही विकास खंड के ग्राम पंचायत बरमपुर निवासी समाजसेवी डा. आनंद कुमार यादव ने ग्राम प्रधान पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। युवा, कर्मठ, ईमानदार और स्वच्छ छवि वाले डा. यादव वर्षों से सामाजिक सरोकार से जुड़े हैं। बेटियों के विवाह, बीमार व्यक्तियों के इलाज, असहायों की मदद जैसे कार्यों में वह सदैव तत्पर नजर आते हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत के विकास के लिए अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
डा. आनंद ने कहा कि ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास ही मेरा उद्देश्य है। मेरी पहली प्राथमिकता ग्राम पंचायत के विद्यालयों को सुव्यवस्थित करना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण बनाना होगा। पंचायत भवन का सुदृढ़ीकरण व बेहतर व्यवस्था कराना भी मेरी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का जो तालाब वर्तमान में उपेक्षित है, उसका सुदृढ़ सौंदर्यीकरण कर उसे उपयोगी बनाया जाएगा। युवाओं के लिए जिम की व्यवस्था कर फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। गांव में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी तथा गांव के मुख्य चौक पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो सके। डा. यादव ने कहा कि गांव में एक पुस्तकालय की स्थापना कर मेधावी छात्रों को बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सार्वजनिक शौचालय, नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा और गांव में इलेक्ट्रॉनिक शवदाह गृह की स्थापना कर जनसुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गांव की सड़कों का उच्चीकरण कराया जाएगा ताकि आने-जाने में लोगों को कोई असुविधा न हो। गांव के बाहर एक स्मृति द्वार का निर्माण कर गांव की अलग पहचान स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही सभी आवश्यक विकास कार्यों व जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतारने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। डा. आनंद ने कहा कि यदि जनता ने आशीर्वाद दिया तो ईमानदारी और निष्ठा से गांव के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करूंगा।