वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के कटहलगंज चौराहे पर शनिवार की देर रात मिट्टी लदे टैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार आशीष यादव (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। सूचना पर परिवारवाले अस्पताल पहुंच गये।
चोलापुर थाना क्षेत्र के लालमन कोट गांव के रामजन्म यादव का बेटा आशीष यादव रात में चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर में अपने दोस्तों के यहां गया था। वहीं पार्टी हुई थी। इसके बाद तेज रफ्तार में बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान कटहलगंज में स्पीड ब्रेकर पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह घिसटते हुए सड़क पर गिरा। इतने में पीछे से आ रही मिट्टी लदे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गया। दुर्घटना देख आसपास के लोग पहुंचे और उसकी मदद करने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे पंडित दीनदयाल अस्पताल ले गई। यहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।