Bareilly: परिवहन निगम का बड़ा कदम, अब मोबाइल से संभव होगी 657 बसों की सीट बुकिंग
Bareillyबरेली: परिवहन निगम ने बरेली रीजन की सभी बसों को ऑनलाइन कर दिया है। यात्री इन बसों में ट्रेनों की तरह अपनी सीट बुक करा सकेंगे। दावा है कि इस व्यवस्था से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रीजन के बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो में 657 साधारण बसों का बेड़ा है। ये बसें दिल्ली, लखनऊ समेत विभिन्न रूटों पर रोजाना चलती हैं। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी के मुताबिक रोडवेज की साधारण बसों में सीटों की एडवांस बुकिंग की सुविधा एक मई से लागू कर दी गई है। प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों में जाने वाली बसों के लिए यात्री किसी भी बस अड्डे से किसी भी बस अड्डे तक एडवांस बुकिंग करा सकते हैं।
अभी तक यह सुविधा सिर्फ एसी बसों में ही थी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) पर यात्री जब ऑनलाइन सीट बुक करेगा तो उसका मैसेज रूट पर चलने वाली बस के चालक और कंडक्टर समेत निगम के अधिकारियों तक पहुंच जाएगा। इसके बाद यात्री बस में सफर कर सकेंगे। दिल्ली और लखनऊ के लिए यात्री सबसे ज्यादा बुकिंग करा रहे हैं। इसके अलावा देहरादून और हरिद्वार के लिए तीन दिन में आठ बुकिंग मिली हैं।
जिस मार्ग पर बसें चल रही हैं, उसके लिए बुकिंग मिलेगी।
आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि जिन-जिन रूटों पर बसें चल रही हैं, उन सभी के लिए साधारण रोडवेज बसों की बुकिंग होगी। अगर किसी को बरेली से टनकपुर जाना है तो वह बरेली से रिठौरा, नवाबगंज, पीलीभीत, न्यूरिया, खटीमा की बुकिंग करा सकता है।
बुकिंग करते समय विभागीय वेबसाइट पर कहां जाना है और किस प्रकार की बस से यात्रा करनी है, इसका चयन करना होगा। तिथि का चयन कर विवरण भरना होगा। ऑनलाइन भुगतान के बाद यात्री मोबाइल पर आए मैसेज के आधार पर बसों में यात्रा भी कर सकेंगे।