Bareilly: दिव्यांग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी पुजारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
Bareilly बरेली: भमोरा क्षेत्र में दिव्यांग युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी पुजारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि शुक्रवार शाम उसका पति रिश्तेदार के घर दावत में गया था। वह किसी काम से बाजार गई थी। आरोप है कि घर के बगल के मंदिर में रहने वाले पुजारी ने अपनी पत्नी की मदद से उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। जब वह घर लौटी तो पुजारी की पत्नी दरवाजे पर पहरा दे रही थी। उसे देखकर उसने पुजारी को आवाज लगाई।
इसके बाद पुजारी और उसकी पत्नी वहां से चले गए। उसने फोन पर अपने पति को पूरी बात बताई। जिसके बाद आरोपी छोटेलाल (65) और उसकी पत्नी कुसमा निवासी मई सरौन थाना भमोरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। आरोपी पुजारी छोटेलाल को रविवार दोपहर देवचरा चौराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि पुजारी और उसकी पत्नी 15 दिन पहले ही इस मंदिर में आए थे। पूछताछ में पता चला कि यह पुजारी की तीसरी पत्नी है।