Bareilly बरेली: थाना किला क्षेत्र के कटघर निवासी 40 वर्षीय इश्तियाक की शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के भतीजे गुलफाम ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि इश्तियाक की पत्नी रुक्सार के चाल-चलन को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुलफाम का कहना है कि रुक्सार ने अपने प्रेमी बाबू पेंटर, पड़ोसी डॉ. साजिद व अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले घर में आग लगाई, घर में रखा घरेलू सामान राख हो गया, फिर इश्तियाक को फांसी पर लटका दिया।
घटना की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर का अधिकांश सामान जल चुका था और इश्तियाक का शव फंदे से लटक रहा था। इसके बाद गुलफाम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घर की स्थिति का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रहा है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक इश्तियाक कबाड़ बेचकर और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके चार बच्चे हैं, जो अब बेसहारा हैं।