Bareilly बरेली: बारादरी पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी कार्रवाई की। भरतौल रोड पर मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर अपराधियों को पकड़ा गया। मुठभेड़ में एक अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी का कैंटर ट्रक और चाबियों का गुच्छा बरामद किया है।बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी भरतौल रोड पर दिल्ली से चोरी किया गया ट्रक बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर ली। खुद को घिरा देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी फायरिंग में अपराधी रहीम उर्फ बाबू उर्फ बट्टा निवासी चंदोई, थाना इस्लामनगर (वर्तमान में साउथ दिल्ली) के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। इनके दो साथी सहजान पुत्र शाहिद और साकिब पुत्र इदरीश (निवासी भवानीपुर खल्ली, थाना सहसवान, बदायूं) को मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खाली कारतूस, चोरी का कैंटर ट्रक (डीएल1जीई0610) और चाबियों का गुच्छा बरामद किया। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे अलग-अलग तरह की चाबियों की मदद से सड़क किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाकर वाहन चुराते थे।इस कार्रवाई में बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय के साथ सब इंस्पेक्टर जगत सिंह, कुशलपाल सिंह, सनी चौधरी, हेड कांस्टेबल आशीष कुमार, कांस्टेबल सिद्धांत चौधरी, अवनीश कुमार और मनोज कुमार शामिल रहे।