Barabanki : जननायक एक्सप्रेस से मजदूरी करने बिहार से पंजाब जा रहे युवक की अचानक तबीयत खराब हो गई। ट्रेन के बुढ़वल स्टेशन आने पर रेलवे पुलिस ने युवक को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार बिहार प्रांत में जिला सीपोर अंतर्गत त्रिवेणीगंज हरिहरपुर निवासी 24 वर्षीय मुन्ना सरदार पुत्र महेंद्र सरदार अपने रिश्तेदार ननकू सरदार पुत्र कपिल देव के साथ जननायक एक्सप्रेस से नौकरी करने के लिए पंजाब जा रहे थे। यात्रा के दौरान मुन्ना सरदार की अचानक तबियत बिगड़ गई। जिसकी सूचना रिश्तेदार ननकू के द्वारा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दी गई।
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे बुढ़वल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही रेलवे सुरक्षा कर्मियों ने बीमार यात्री को उपचार हेतु 108 एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे थाना रामनगर के उप निरीक्षक अखिलेश कुमार ने मृतक के शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।