Ballia: 2.25 करोड़ की साइबर ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार
रिश्ते का झांसा देकर की धोखाधड़ी
बलिया: साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बैंक खातों के जरिए करीब 2.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान बृजेश कुमार यादव उर्फ जसवंत के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित की बहन से शादी का झांसा देकर पहले रिश्ता तय किया और फिर पीड़ित को अपने जाल में फंसा लिया। उसने कहा कि उसके कुछ पैसे फंसे हुए हैं और पीड़ित से मदद मांगी। इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए आरोपी ने पीड़ित के नाम से बलिया में ICICI बैंक, HDFC बैंक और Axis बैंक में खाते खुलवाए। खास बात यह है कि ICICI बैंक का खाता 2023 में खुलवाया गया, जिसकी चेकबुक और एटीएम कार्ड आरोपी ने अपने पास रख लिए।
कुछ महीनों बाद पीड़ित को शक हुआ और जब उसने ICICI बैंक से खाता स्टेटमेंट निकलवाया, तो खुलासा हुआ कि खाते से 4-5 महीनों में करीब 2.25 करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है।
14 मई को आरोपी बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र स्थित रिश्तेदार के घर आया था, तभी पीड़ित ने अपने साथियों की मदद से उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 111 BNS और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत आरोपी को न्यायालय भेजा जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।