Ballia: गंगा में उफान, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

Update: 2025-07-20 10:19 GMT

बलिया: बलिया में गंगा नदी ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार शाम को गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया, जिससे तटवर्ती इलाकों में हड़कंप मच गया है। केंद्रीय जल आयोग द्वारा गायघाट गेज पर शाम 4 बजे गंगा का जलस्तर 57.670 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 57.615 मीटर है। वर्तमान में गंगा 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है। यहां का हाई फ्लड लेवल 58.615 मीटर है।

लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण विभाग सक्रिय हो गया है। एनएच-31 को बचाने के लिए हुकुम छपरा में फ्लड फाइटिंग कार्य के तहत मिट्टी से भरी प्लास्टिक की बोरियां गंगा में डाली जा रही हैं।

ग्रामीणों की चिंता गहराई

तटवर्ती गांवों के लोग अब सुरक्षित स्थानों की तलाश में जुट गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जलस्तर की रफ्तार इसी तरह जारी रही, तो अगले 24 घंटों में निचले इलाकों में पानी भर सकता है।

खतरे की जद में आने वाले प्रमुख गांवों में शामिल हैं

सोनार टोला, सुघर छपरा, दूबे छपरा, गोपालपुर, उदई छपरा, नौरंगा, भुआल छपरा, चक्की उपाध्याय टोला, सतीघाट और भुसौला। इन गांवों के लोग गंगा की बाढ़ को लेकर भयभीत हैं।

हर दिन उपजाऊ जमीन गंगा में समा रही है, जिससे किसानों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। बाढ़ विभाग की ओर से बम्बूक्रेट विधि से तटवर्ती बस्तियों की सुरक्षा का प्रयास किया जा रहा है।

स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है, और प्रशासन की ओर से भी लगातार नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोग अपील कर रहे हैं कि प्रशासन समय रहते राहत और बचाव कार्यों की तैयारी पूरी करे।

Tags:    

Similar News