Bahraich बहराइच: सोमवार दोपहर लखनऊ-बहराइच नेशनल हाईवे पर मदन कोठी चौराहे के पास दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।सुरजना खुर्द गांव के रहने वाले नरेंद्र (35) और उनकी पत्नी सोनी (30) सोमवार सुबह जिला मुख्यालय गए थे। वहां से लौटते समय दोपहर में मदन कोठी चौराहे के पास खालिदपुर के रहने वाले अजमत (21) की बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
अजमत के साथ मंझारा तौकली कैसरगंज के रहने वाले अनीश (20) भी थे। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर सभी को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान नरेंद्र ने दम तोड़ दिया।उनकी पत्नी सोनी की हालत गंभीर बताई जा रही है, बाकी दो युवकों का भी इलाज चल रहा है। फखरपुर थाना प्रभारी संजीव सिंह चौहान ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ। मामले की जांच की जा रही है।