बहराइच हादसा: मगरमच्छ के हमले से मौत

Update: 2026-07-05 10:03 GMT

उत्तर प्रदेश: बहराइच जिले में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें मगरमच्छ के हमले से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला का शव सरयू नहर में मगरमच्छ के मुंह में दबा मिला, जिसे देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। शोर मचाने पर मगरमच्छ शव छोड़कर पानी में चला गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मृतका की पहचान बिछिया क्षेत्र के चफरिया ग्राम पंचायत के मोहकमपुरवा गांव निवासी केतकी (55) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, केतकी शनिवार शाम पड़ोसी गांव हजारीपुरवा में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

रविवार सुबह करीब 9 बजे रमपुरवा गांव के पास सरयू नहर के 10 नंबर पुल से लगभग 600 मीटर दूर ग्रामीणों ने एक मगरमच्छ को महिला का शव मुंह में दबाए देखा। इस दृश्य से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मगरमच्छ शव छोड़कर पानी में चला गया। बाद में ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि महिला का शव उसके घर से करीब तीन किलोमीटर दूर नहर के पास मिला।

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो स्थिति को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था।स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के मौसम में कतर्नियाघाट क्षेत्र से मगरमच्छ नदियों, नहरों और तालाबों के रास्ते आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहे हैं, जिससे गांवों में दहशत बढ़ गई है। लोग अब जल स्रोतों के पास जाने से भी डर रहे हैं।

घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छों की निगरानी बढ़ाने, प्रभावित इलाकों में नियमित गश्त करने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Tags:    

Similar News