Ayodhya अयोध्या: अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा अब और पुख्ता होने जा रही है। संसद भवन की सुरक्षा व्यवस्था के आधार पर राम मंदिर के चारों ओर एक विशाल सुरक्षा दीवार बनाई जा रही है। इस परियोजना के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की एक टीम ने संसद भवन का निरीक्षण भी किया। लगभग 3400 मीटर लंबी यह दीवार एक साल के भीतर बनकर तैयार हो जाएगी।
मंगलवार को मणिरामदास की छावनी में ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें कई निर्णय लिए गए। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि रामकथा संग्रहालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है। फिलहाल इसके सिविल वर्क पर काम चल रहा है, जिसके बाद प्रदर्शन से जुड़ा काम शुरू किया जाएगा। यह संग्रहालय 20 विशेष दीर्घाओं से सुसज्जित होगा और इसमें रामायण की प्राचीनतम प्रतियाँ संरक्षित की जाएँगी। खास बात यह है कि इसका एक हिस्सा आईआईटी मद्रास की टीम 7डी तकनीक से तैयार कर रही है।
25 नवंबर को होगा भव्य ध्वजारोहण समारोह
चंपत राय ने यह भी बताया कि ध्वजारोहण समारोह की तिथि 25 नवंबर तय की गई है, जिसका आयोजन भव्य पैमाने पर किया जाएगा।