Ayodhya : दर्शन पथ पर गिरा ड्रोन, पुलिस का दावा- राम मंदिर में भगदड़ मचाने की साजिश नाकाम
Ayodhya अयोध्या: राम जन्मभूमि परिसर के गेट नंबर 3 के पास दर्शन पथ पर सोमवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक ड्रोन गिरा। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर इसे भगदड़ मचाने की साजिश बताया है। ड्रोन पायलट की पहचान करने के साथ ही राम मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। महाकुंभ के चलते इन दिनों रामनगरी में भारी भीड़ है। रोजाना तीन लाख से ज्यादा श्रद्धालु रामलला के दरबार में दर्शन कर रहे हैं। सोमवार शाम करीब आठ बजे दर्शन पथ श्रद्धालुओं से खचाखच भरा हुआ था।
उसी समय अचानक राम जन्मभूमि परिसर के गेट नंबर 3 के सामने एक ड्रोन गिरा। बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। जांच में पता चला कि ड्रोन का पायलट यूट्यूबर है। दावा किया जा रहा है कि वह गुरुग्राम का रहने वाला है।कटरा चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने राम जन्मभूमि थाने में केस दर्ज कराया है। शिकायत में उन्होंने बताया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने ड्रोन कैमरा राम मंदिर परिसर में बैचिंग प्लांट के पास प्रतिबंधित क्षेत्र में उड़ाते समय जानबूझकर गिरा दिया।