work culture में उत्कृष्टता का मिला सम्मान
खिताब से सम्मानित किया गया है।
Lucknow लखनऊ : महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में काम कर रही संस्था पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) को एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। संस्था को लगातार पांचवीं बार देश के प्रतिष्ठित “ग्रेट प्लेसेस टू वर्क” के खिताब से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही पीएसआई इंडिया को देश की टॉप 100 मिड-साइज ऑर्गनाइजेशन की सूची में शामिल किया गया है, जहां उसे 79वीं रैंक प्राप्त हुई है।
यह सम्मान मुंबई में आयोजित एक विशेष समारोह में ग्रेट प्लेस टू वर्क संस्था द्वारा प्रदान किया गया। यह उपलब्धि संस्था के लगातार बेहतर कार्य वातावरण, कर्मचारियों की संतुष्टि और संगठनात्मक संस्कृति को दर्शाती है।पीएसआई इंडिया देश के विभिन्न राज्यों में सरकार के साथ मिलकर स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और विकास से जुड़े कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर लागू करने का कार्य कर रही है। संस्था समुदायों को जनसुविधाओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर पीएसआई इंडिया के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मुकेश कुमार शर्मा ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान संस्था के सभी कर्मचारियों और बोर्ड सदस्यों को समर्पित है। उनके अनुसार, टीम की मेहनत, समर्पण और सकारात्मक कार्य संस्कृति ने पीएसआई इंडिया को एक बेहतरीन कार्यस्थल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।कार्यक्रम के दौरान डिप्टी डायरेक्टर समरेंद्र बेहरा, डायरेक्टर एचआर एंड एडमिनिस्ट्रेशन संजीव श्रीवास्तव और ऋचा शरद सेल्वी भी मौजूद रहे। सभी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई और इसे टीम वर्क का परिणाम बताया।
जानकारी के अनुसार, यह रैंकिंग देश की 100 से 1000 कर्मचारियों वाली संस्थाओं के बीच कर्मचारियों के फीडबैक, कार्यस्थल के माहौल और स्वतंत्र मूल्यांकन के आधार पर तय की जाती है। इसी व्यापक आकलन के बाद यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जाता है।पीएसआई इंडिया की इस उपलब्धि को सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है, जो यह दर्शाता है कि बेहतर कार्य संस्कृति और समर्पित टीम किसी भी संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।