LUCKNOW लखनऊ: एसटीएफ ने एटीएम बूथों से ठगी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। मड़ियाव थाना क्षेत्र में 27 अगस्त की रात करीब 9:15 बजे की गई कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतापगढ़ के परवेज खान और साहिल तथा प्रयागराज के मुक्तदीर के रूप में हुई है। इनके पास से 39 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल और ₹6510 नकद बरामद किए गए।
जांच में सामने आया कि यह गैंग उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, मुंबई, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था। ठगी का तरीका बेहद चालाकी भरा था—आरोपी एटीएम मशीन की कैश ट्रे में Fevikwik और डबल साइड टेप लगाकर नोट अटका देते थे। ग्राहक को लगता कि पैसा नहीं निकला और वह चला जाता, जबकि आरोपी बाद में नोट निकाल लेते थे।