मुज़फ्फरनगर का एक और लाल शहीद, सिक्किम हादसे में युसूफपुर के जवान की भी गई जान

बड़ी खबर

Update: 2022-12-24 10:41 GMT
मोरना। चीन से सटी एलएसी के करीब नॉर्थ सिक्किम में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 16 जवान शहीद हो गए, जिसमें भोपा क्षेत्र के गाँव युसुफपुर निवासी लोकेश सहरावत के शहीद होने की खबर से गाँव व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी है। भोपा थाना क्षेत्र के गाँव युसुफपुर निवासी लोकेश पुत्र उदयवीर सहरावत के सड़क हादसे में शहीद होने की सूचना शुक्रवार देर शाम गाँव पहुँची तो गाँव व क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी। प्रमुख कांग्रेस नेता सतीश सहरावत के भतीजे लोकेश सहरावत परिवार में इकलौता पुत्र था। लोकेश सहरावत 2013 में सेना में भर्ती हुए थे। उनकी प्रारम्भिक शिक्षा भोपा के जनता इन्टर कॉलिज में हुई थी वह वॉलीबॉल के खिलाडी थे। स्पोर्ट्समैन के रूप में उनकी भर्ती सेना में हुई थी।
28 वर्षीय लोकेश सहरावत की शादी दो वर्ष पूर्व खतौली क्षेत्र के गाँव खानपुर में हुई थी। लोकेश के परिवार में पत्नी तनु के अलावा पिता उदयवीर सहरावत माता कुसुमलता हैं। बहन रश्मि की शादी निकटवर्ती गाँव करहेड़ा में हुई है। गुरुवार की शाम परिजनों ने लोकेश सहरावत से फोन पर बात कर उनका हाल जाना था, लेकिन क्या पता था कि ये आखरी वार्ता बन जायेगी। लोकेश की मौत का समाचार देर शाम उनके माता-पिता को सदमा लग जाने के कारण नहीं बताया गया था। भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार सैनी ने शहीद के आवास पर जाकर जानकारी प्राप्त की। लोकेश सहरावत के शहीद होने की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा क्षेत्रीय मन्त्री अमित राठी, ब्लॉक प्रमुख अनिल राठी, रालोद नेता अमित ठाकरान, वरुण सहरावत, संदीप गुर्जर सहित पूर्व सैनिकों की संस्था से जुड़े सैनिकों ने घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है।
Tags:    

Similar News