Amethi: संदिग्ध हालात में जंगल में मिला अधेड़ का शव, पुलिस ने शुरू की जांच
जंगल में पेड़ से लटका मिला अधेड़, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के गांव पूरे कनपुरिया निवासी अधेड़ भानू प्रताप सोमवार शाम से घर से गायब थे। मंगलवार को उनका शव गांव से दूर रतवलिया मैंझार के जंगल मे फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि गांव पूरे कनपुरिया मजरे खारा निवासी संजय ने बताया कि उनके पिता भानू प्रताप (50) सोमवार की शाम से घर गायब थे। परिजन उनकी तलाश कर ही रहे थे कि मंगलवार को पूरे गंगई मजरे रतवलिया मैंझार के जंगल मे फांसी के फंदे से लटकता शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों ने पहुंचकर शव की शिनाख्त की। प्रधान प्रतिनिधि अखिलेश से मिली घटना की सूचना पाकर मौक़े पर पहुंची पुलिस ने शव को पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।