Aligarh: विवाह से पहले सास संग भागा दूल्हा, दुल्हन के अरमानों पर फिरा पानी
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से चंद दिन पहले दूल्हा अपनी होने वाली सास के साथ फरार हो गया। ये घटना मडराक थाना क्षेत्र की है और जिसने भी इस घटना के बारे में सुना, वह अवाक रह गया।
16 अप्रैल को एक युवती की शादी होनी थी, जिसकी तैयारियां महीनों से चल रही थीं। लेकिन शादी से ठीक नौ दिन पहले उसकी मां और उसका मंगेतर यानी होने वाला दूल्हा अचानक गायब हो गए। किसी को अंदाजा तक नहीं था कि दोनों के बीच कोई रिश्ता पनप रहा है। लेकिन जब दोनों एक ही दिन लापता हुए, तब जाकर परिवार को शक हुआ और बाद में सच्चाई सामने आ गई।
बताया जा रहा है कि दूल्हा अक्सर लड़की के घर आता-जाता था, वहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। दूल्हे ने अपनी होने वाली सास को मोबाइल गिफ्ट किया था, जिसके जरिए दोनों चोरी-छिपे बातचीत करते थे। परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। भागने से पहले महिला घर में बेटी की शादी के लिए रखे गए लाखों के गहने और लगभग ढाई लाख रुपये नकद भी ले गई।
इस मामले को लेकर युवती के पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब महिला और युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर रही है और दोनों की तलाश में जुटी हुई है। दूल्हा यह कहकर घर से निकला था कि वह शादी के लिए कपड़े खरीदने जा रहा है, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। जब काफी देर तक संपर्क नहीं हो पाया तो परिजनों ने लड़की के ससुराल वालों को फोन किया, जहां से यह चौंकाने वाली खबर सामने आई कि लड़की की मां भी घर से गायब है।
घटना के बाद दुल्हन सदमे में है और पूरे इलाके में इस अनोखी लव स्टोरी की चर्चा हो रही है। लोग इसे कलियुग की पराकाष्ठा बता रहे हैं, जहां एक मां ही अपनी बेटी की शादी तोड़कर उसके दूल्हे के साथ फरार हो गई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही दोनों को खोज निकाला जाएगा।