Auraiya औरैया: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई में कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और लोगों को अपने पक्ष रखने का पर्याप्त मौका नहीं दिया गया।
औरैया में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि सहारनपुर में मस्जिद को गिराने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी लोग शामिल हैं, कानून उन्हें सजा देगा, लेकिन किसी भी कार्रवाई से पहले न्यायिक प्रक्रिया का पालन होना चाहिए।
सपा प्रमुख ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अदालत में अपील करने का अधिकार होता है, लेकिन अगर उसे समय नहीं दिया जाता तो यह उसके अधिकारों का हनन है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतनी जल्दी कार्रवाई करने की जरूरत क्या थी। अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग कानून की परवाह नहीं करते। उन्होंने दावा किया कि 16 घंटे के अंदर मस्जिद गिरा दी गई, जिससे लोग नाराज हैं।
उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले समय में यही लोग भाजपा को हटाने का काम करेंगे। सपा प्रमुख ने इस मुद्दे को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी को न्याय पाने का अधिकार मिलना चाहिए। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर धार्मिक स्थलों और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर बहस तेज हो गई है। भाजपा की ओर से इस मामले पर प्रतिक्रिया का इंतजार है।
Tags: